आंधी-तूफान से भारी नुकसान: वेल्डिंग दुकान की छत उड़ी, बिजली लाइनों पर गिरे पेड़, कई घरों की बिजली गुल

shivam
2 Min Read

आंधी-बारिश का कहर: वेल्डिंग दुकान की छत उड़ी, पेड़ गिरने से 20-25 घरों की बिजली रही ठप

बीकानेर। अरजनसर कस्बे में तेज आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण बेरियर के पास स्थित एक वेल्डिंग की दुकान की छत क्षतिग्रस्त होकर गिर गई, जबकि कई स्थानों पर पेड़ बिजली की लाइनों पर गिरने से करीब 20 से 25 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

स्थानीय निवासी नरेंद्र कड़वासरा के अनुसार, बेरियर के पास खेतपाल खीचड़ की वेल्डिंग की दुकान तेज तूफान की चपेट में आ गई। दुकान के सामने लगा लोहे का छज्जा और होर्डिंग तेज हवा के झोंकों से उखड़कर करीब 200 मीटर दूर जा गिरा। हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुकानदार को मामूली चोटें आईं।

आंधी के दौरान कंवरसेन नहर के किनारे कई पेड़ बिजली की लाइनों और पोलों पर गिर पड़े, जिससे क्षेत्र के लगभग 20 से 25 घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। वहीं अरजनसर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने ट्रांसफार्मर से जुड़ी लाइन पर भी पेड़ गिरने से विद्युत व्यवस्था प्रभावित रही।

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खराब मौसम के बावजूद राहत कार्य शुरू किया। कर्मचारियों ने दो से तीन फीट तक भरे पानी में उतरकर क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत की। उनकी तत्परता के चलते कुछ ही समय में प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे लोगों को लंबे समय तक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

 

 

 

 

 

 

 

 

Share This Article
Leave a Comment