बीकानेर। पांचू थाना क्षेत्र के पिथरासर गांव में खेत पर काम के दौरान एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। तिरपाल ठीक करते समय संतुलन बिगड़ने से युवक खेत की डिग्गी में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह हादसा 9 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे हुआ। मृतक के भाई रामसिंह ने पांचू थाने में मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई करणी सिंह खेत में बनी डिग्गी पर लगी तिरपाल को ठीक कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे डिग्गी में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पांचू थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

