कीटनाशक पीने से विवाहिता की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की कीटनाशक के सेवन से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला कुछ समय से अपने पीहर में रह रही थी। गुरुवार को खेत में कृषि कार्य के लिए रखा कीटनाशक उसने भूलवश पी लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई गजेंद्र सिंह ने बताया कि सोनियासर मीठिया निवासी खेताराम पुत्र कोजाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार उसकी बहन परमा पत्नी मनोज कुमार, निवासी धर्मास हिरावतान, करीब तीन माह पहले अपने पीहर आई हुई थी। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से कमजोर थी।
बताया गया कि गुरुवार दोपहर खेत में कृषि कार्य के लिए लाया गया कीटनाशक उसने भूलवश पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन तुरंत उसे पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
शुक्रवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच हेड कांस्टेबल संदीप कुमार को सौंपी है।

