बीकानेर: सड़क पर अचानक आए पशु से अनियंत्रित हुई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत
बीकानेर। जिले के नापासर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर अचानक एक अज्ञात पशु आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
नापासर थानाधिकारी कविता पुनिया ने बताया कि रामसर निवासी प्रदीप पुत्र फूलाराम कस्वां ने अपने चाचा राजूराम पुत्र रामनारायण कस्वां की मौत के संबंध में मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, राजूराम बाइक से नापासर से रामसर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक अज्ञात पशु आ गया। पशु से बचने के प्रयास में उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नापासर उप जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर नापासर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार सुबह एएसआई जगदीश कुमार की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

