बीकानेर। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों के खिलाफ बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों पर नकद इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शुक्रवार को जारी आदेश में प्रत्येक आरोपी की गिरफ्तारी या उनकी पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को 5-5 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
एसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जो व्यक्ति इन वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी करवाने, गिरफ्तारी में पुलिस का सहयोग करने या उनके संबंध में सही एवं विश्वसनीय सूचना उपलब्ध कराएगा, उसे निर्धारित नकद इनाम दिया जाएगा। हालांकि, इनाम वितरण का अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक द्वारा ही लिया जाएगा।
इनाम घोषित किए गए आरोपियों में खाजूवाला थाना क्षेत्र के एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार मखन सिंह, बीछवाल थाना क्षेत्र के मामले में वांछित जोरासिंह तथा जसवीर उर्फ मामी उर्फ बॉस, और पूगल थाना क्षेत्र के एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार थानसिंह उर्फ खानूसिंह शामिल हैं। चारों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इन वांछित आरोपियों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या बीकानेर पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

