बीकानेर: 37 लाख की संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप, फर्जी वसीयत के जरिए कब्जे का प्रयास, 6 नामजद पर केस
बीकानेर। शहर में 37 लाख रुपए की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए कथित तौर पर फर्जी वसीयत तैयार कर इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। एसीजेएम-2 न्यायालय के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने एक महिला सहित छह नामजद आरोपियों और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर निवासी सुरेन्द्र कुमार ने न्यायालय में इस्तगासा पेश कर बताया कि उन्होंने अपने साथी राधेश्याम के साथ चौतीना कुआं क्षेत्र स्थित 715 वर्गफीट की संपत्ति 7 मार्च 2025 को 37 लाख रुपए में पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी थी। यह संपत्ति उन्हें पुष्पा देवी से मिली थी, जिन्हें उनके पति स्वर्गीय मुरली मनोहर पांडे की पंजीकृत वसीयत के आधार पर स्वामित्व प्राप्त हुआ था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में मंजू पांडे ने इसी संपत्ति पर अपना दावा जताते हुए अदालत में 9 मार्च 2007 की एक कथित वसीयत पेश की। परिवादी का कहना है कि यह वसीयत फर्जी और कूटरचित है। आरोप है कि उक्त वसीयत न तो पंजीकृत है और न ही उसकी मूल प्रति न्यायालय में प्रस्तुत की गई। फर्जी दस्तावेजों के जरिए संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की गई।
परिवादी ने यह भी बताया कि मामले की शिकायत पहले सदर थाना और पुलिस अधीक्षक को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। न्यायालय के निर्देश के बाद सदर थाना पुलिस ने महिला सहित छह नामजद और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

