पैतृक भूमि के बंटवारे पर बढ़ा विवाद, बुजुर्ग के साथ की मारपीट

shivam
2 Min Read

बीकानेर। बज्जू कस्बे में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि चार लोगों ने एक बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद बज्जू पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी जगदीश पांडर ने बताया कि मामले में बज्जू खालसा निवासी राकेश पुत्र गोपालराम गोदारा की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई है। शिकायत के अनुसार, गांव के सोमराज, सुनील, अनिल पुत्र पाबूराम तथा किशनाराम पुत्र भागीरथराम गोदारा के साथ उनके परिवार का पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

रिपोर्ट में बताया गया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे राकेश के पिता गोपालराम पुत्र मुल्तानाराम गोदारा कोऑपरेटिव बैंक के पास स्थित एक ई-मित्र केंद्र के बाहर खड़े थे। इसी दौरान आरोपी बोलेरो कैम्पर में मौके पर पहुंचे और कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि सोमराज ने गोपालराम के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल बुजुर्ग को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीकानेर रेफर कर दिया।

मामले की जांच एएसआई ओमप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment