बीकानेर। हाल ही में आए आंधी-तूफान और बारिश के बाद राजस्थान में एक बार फिर गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते तापमान के बीच मौसम विभाग ने बुधवार के लिए हीटवेव और बारिश दोनों को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर, चूरू, फलोदी और जैसलमेर में भी पारा 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दूसरी ओर हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर से सटे क्षेत्रों में दोपहर बाद मौसम बदला और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
आज झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर और धौलपुर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

