श्रीडूंगरगढ़ में क्रिकेट सट्टेबाज दबोचा, 10 एक्टिव आईडी और लाखों का हिसाब बरामद

Shivam
2 Min Read

श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक क्रिकेट बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल की जांच में सट्टेबाजी से जुड़ी 10 एक्टिव आईडी और लाखों रुपए के लेन-देन का हिसाब मिलने से हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, एएसआई सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार शाम को करबे के गौरव पथ रोड पर कार्रवाई की। यहां पुलिस ने मोमासर बास निवासी साबिर चांगल पुत्र हबीब को मध्यप्रदेश टी-20 एमपीएल के 30वें मुकाबले इंदौर पिंक पैंथर्स बनाम रॉयल निमार ईगल्स मैच पर क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए दबोच लिया।

पुलिस को मौके पर आरोपी मोबाइल फोन पर सट्टेबाजी का हिसाब-किताब लिखता मिला। जांच के दौरान मोबाइल में एक वेबसाइट पर संचालित 10 एक्टिव आईडी बरामद हुईं। इन आईडी में लाखों रुपए के सट्टे का रिकॉर्ड और लेन-देन का हिसाब सामने आया है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब मोबाइल डेटा की गहन पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम में एएसआई सुरेंद्र कुमार के साथ कांस्टेबल अनिल कुमार और सुशील कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस अवैध सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

Share This Article
Leave a Comment