बीकानेर। डोमिनोज की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर नोखा के एक व्यापारी से 18.46 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नोखा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पींपली चौक निवासी राजा चांडक ने पुलिस को बताया कि वह नोखा में डोमिनोज का आउटलेट खोलना चाहता था। इसके लिए उसने 17 अप्रैल को कंपनी की आधिकारिक ई-मेल आईडी समझकर संपर्क किया। इसके बाद ठगों ने खुद को डोमिनोज इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी अवनीत सिंह पुरी और समीर बत्रा बताकर ई-मेल के माध्यम से लेटर ऑफ इंटेंट भेजा और भरोसे में ले लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन, सरकारी एनओसी, ब्रांड फीस सहित अन्य औपचारिकताओं का हवाला देते हुए 3 जून से 6 जून के बीच अलग-अलग बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिए कुल 18 लाख 46 हजार 500 रुपए जमा करवा लिए।
रकम प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने ऑडिट और साइट इंस्पेक्शन का बहाना बनाकर मुलाकात टालनी शुरू कर दी। बाद में उनके मोबाइल फोन भी बंद हो गए, जिससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की पड़ताल की जा रही है

