बीकानेर में ट्रिपल मर्डर से दहशत, चाकू से हमला कर तीन लोगों की बेरहमी से हत्या

shivam
2 Min Read

बीकानेर। जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के सुरजनवाली गांव में मंगलवार को हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी। वारदात की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। परिजन उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच के दौरान एक संदिग्ध को राउंडअप कर उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। इस तिहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment