बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में इलाज के लिए बीकानेर आ रहे 71 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। दुर्घटना उस समय हुई जब स्कॉर्पियो के सामने अचानक एक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित बिजली विभाग की डीपी से जा भिड़ी।
पुलिस के अनुसार बनियासर निवासी दीपक शर्मा पुत्र जगदीश प्रसाद शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पिता जगदीश प्रसाद शर्मा (71) एक रिश्तेदार के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर इलाज के लिए बीकानेर आ रहे थे।
बम्बलू के समीप अचानक नीलगाय सामने आने से चालक ने वाहन मोड़कर टक्कर टालने की कोशिश की, लेकिन स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बिजली विभाग की डीपी से टकरा गई। हादसे में जगदीश प्रसाद शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। जामसर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

