रफ्तार का कहर! दो वाहनों की जोरदार टक्कर में 8 घायल, 4 बीकानेर रेफर

shivam
2 Min Read

बीकानेर। जसरासर-कातर मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सांड मूर्ति के पास दो वाहनों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसरासर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर कर दिया गया।

सीएचसी जसरासर के डॉ. सुंदर लाल सुथार ने बताया कि हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर भेजा गया।

घायलों की पहचान अनोखा नाथ (निवासी हंसेरा), सीमा (निवासी हंसेरा), राधा (निवासी कातर छोटी), बाबूलाल (निवासी बादनू), किरण (निवासी हंसेरा), सीताराम (निवासी हंसेरा), किशनाराम तथा रामकिशोर के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जसरासर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। समय पर स्थानीय लोगों की तत्परता और राहत कार्य के चलते सभी घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सका और एक बड़ा हादसा टल गया।

Share This Article
Leave a Comment