दर्दनाक हादसा: पुलिया पर बस की चपेट में आई महिला, मौके पर मौत

Shivam
2 Min Read

बीकानेर। शहर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। गजनेर पुलिया के पास तेज रफ्तार बस ने पैदल जा रही महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक भी बस की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क किनारे पैदल जा रही थी, तभी तेज गति से आ रही बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे गजनेर पुल क्षेत्र में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही मुक्ताप्रसाद थाना और नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया।

हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घायल युवक को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं मृतका के शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

फिलहाल मृतका और घायल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment