राजस्थान मौसम: आज 15 जिलों में हल्की बारिश के आसार, लेकिन अगले कुछ दिनों तक नहीं बरसेंगे मेघ
जयपुर। राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हुई, लेकिन अब मौसम विभाग के अनुसार रविवार को केवल 15 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। खास बात यह है कि फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सैटेलाइट तस्वीरों में भी राजस्थान के ऊपर से मानसूनी बादल लगभग गायब नजर आ रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में व्यापक बारिश की उम्मीद कम है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक वर्षा चूरू जिले के सादुलपुर में दर्ज की गई, जहां 55 मिमी (करीब 2 इंच) बारिश हुई। इसके अलावा झुंझुनूं में 18 मिमी, श्रीगंगानगर में 28 मिमी, हनुमानगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 3 से 38 मिमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं अलवर और खैरथल-तिजारा में केवल 1-1 मिमी बारिश दर्ज हुई।
मानसून कमजोर पड़ने और बादलों की कमी के कारण प्रदेश में गर्मी और उमस फिर से बढ़ने लगी है। शनिवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी में 40.6 डिग्री और जैसलमेर में 40 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। बीकानेर, बाड़मेर और जोधपुर में भी दिनभर तेज गर्मी और उमस का असर देखने को मिला। वहीं, माउंट आबू सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई तक प्रदेश में किसी भी तरह का बड़ा बारिश अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि रविवार को झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जालोर, सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
:::writing

