दुकान का ताला टूटा, डेढ़ लाख की नकदी व सामान चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

shivam
2 Min Read

बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार नत्थूसर बास निवासी रोहित कच्छावा (33) ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि सोनगिरी कुएं के पास स्थित उनकी दुकान 11 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे बंद की गई थी। 12 जुलाई की सुबह करीब 6:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी तथा अन्य सामान गायब मिला।

सूचना मिलते ही नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। परिवादी ने अपनी रिपोर्ट में अरबाज निवासी बीकानेर सहित एक अन्य अज्ञात व्यक्ति पर चोरी का संदेह जताया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक हंसराज कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

Share This Article
Leave a Comment