ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर पुलिस का बड़ा वार, बुकी गिरफ्तार; मोबाइल से लाखों का हिसाब-किताब बरामद

Shivam
2 Min Read

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने मुख्य बाजार स्थित सब्जी मंडी के सामने कार्रवाई करते हुए एक कथित क्रिकेट बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन में लाखों रुपये के लेन-देन और सट्टेबाजी का रिकॉर्ड मिला है।

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने बिग्गाबास निवासी राजन मोरवानी को दबोचा। बताया जा रहा है कि आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट मैचों के भाव देखकर ऑनलाइन और ऑफलाइन खाईवाली-लगाईवाली का काम कर रहा था। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में मोबाइलों के अलग-अलग टैब में सट्टेबाजी से संबंधित एंट्रियां मिलीं। पुलिस के अनुसार मोबाइल में विभिन्न यूजर आईडी के नाम पर 1 लाख, 1.16 लाख, 2.07 लाख, 51 हजार और 6 लाख रुपये सहित कई रकम दर्ज मिली हैं। इसके अलावा मोबाइल में सट्टेबाजी से जुड़ी तीन आईडी संचालित होने के सबूत भी सामने आए हैं।

पुलिस ने बताया कि मोबाइल के खाताबुक, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड में क्रिकेट सट्टे की खाईवाली-लगाईवाली का विस्तृत हिसाब-किताब मिला है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मामले की जांच थानाधिकारी कश्यप सिंह कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment