सदर पुलिस के खिलाफ बस संचालक ने लगाए संगीन आरोप

Shivam
2 Min Read

बीकानेर। सदर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एक बस संचालक ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को शिकायत भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता घड़साना क्षेत्र के चक 28 ए.एस. निवासी बस संचालक शंकरलाल हैं।

शिकायत के अनुसार 11 जून को दीनदयाल सर्किल के पास उनकी बस और एक कार के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। शंकरलाल का आरोप है कि हादसा कार चालक की लापरवाही से हुआ। घटना के बाद पुलिस दोनों वाहनों को सदर थाने ले गई। वहीं बस चालक हंसराज ने उसी दिन लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

शिकायत में कहा गया है कि उनकी बस को किसी वैधानिक आदेश के तहत न तो जब्त किया गया और न ही सील किया गया, इसके बावजूद वाहन को कई दिनों से थाने परिसर में खड़ा रखा गया है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है तथा उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।

शंकरलाल ने आरोप लगाया कि बस को छोड़ने का अनुरोध करने पर संबंधित पुलिस अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और वाहन छोड़ने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की। हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बस संचालक ने डीजीपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा उनकी बस को तत्काल मुक्त कराने की मांग की है। वहीं पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment