बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित चाकूबाजी मामले में पुलिस प्रशासन ने अहम कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारी का तबादला कर दिया है। यह कदम पीड़ित पक्ष द्वारा जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत किए जाने के बाद उठाया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सोनगिरी कुआं क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
इस मामले की जांच नयाशहर थाने में तैनात एएसआई कोहर सिंह कर रहे थे। हालांकि पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की जा रही है और कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं की अनदेखी की जा रही है। इसी को लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जांच अधिकारी को बदलने की मांग की थी।
शिकायत के बाद पुलिस महकमे ने कार्रवाई करते हुए एएसआई कोहर सिंह का तबादला नयाशहर थाने से खाजूवाला थाने में कर दिया है। अब मामले की जांच नए अधिकारी को सौंपे जाने की संभावना है। इस घटनाक्रम के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच की उम्मीद जगी है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

