लूणकरणसर: सूरनाना के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, पुलिस जांच में जुटी
बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना सूरनाना गांव के पास अंडरब्रिज के निकट हुई। सूचना मिलते ही लूणकरणसर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
पुलिस के अनुसार लूणकरणसर के वार्ड नंबर 7 निवासी प्रेमसुख पुत्र हेतराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसका भाई जुगल किशोर रविवार रात करीब 10 बजे खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद सोमवार सुबह सूचना मिली कि सूरनाना अंडरब्रिज के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है, जो घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं।

