रातों-रात उजड़ गई किसान की मेहनत, ढाणी से 35 लाख रुपये चोरी,

Shivam
2 Min Read

बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव 17 बीडी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात बदमाश एक किसान की ढाणी को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर घर में रखे करीब 35 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि किसान परिवार ने हाल ही में अपनी जमीन का सौदा किया था। सौदे से मिली रकम में से करीब 50 लाख रुपये घर में सुरक्षित रखे गए थे। देर रात बदमाशों ने मौका पाकर घर में प्रवेश किया और लोहे की अलमारी व संदूक के ताले तोड़ दिए। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो सामान बिखरा पड़ा मिला और नकदी गायब थी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने खाजूवाला पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और मोबाइल जांच टीम की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

परिवार का मानना है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले लोगों को घर में रखी रकम की जानकारी पहले से थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि मामले में किसी ऐसे व्यक्ति की भूमिका हो सकती है जो परिवार की गतिविधियों और नकदी के बारे में जानता था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक संदेह के आधार पर 3 से 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल इस बड़ी चोरी की घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। पुलिस का दावा है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें जुटी हुई हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment