जयपुर। राजस्थान में मानसून अब दस्तक देने की दहलीज पर है। बुधवार को यह मध्य प्रदेश सीमा तक पहुंच गया और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में इसके प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना जताई है। इस बीच कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार जुलाई के शुरुआती दो सप्ताह में जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश होने के आसार हैं। हालांकि इसके बाद मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है। गुरुवार के लिए विभाग ने प्रदेश के 25 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दूसरी ओर, राजस्थान-पाकिस्तान सीमा से सटे जिलों में भीषण गर्मी का असर अब भी बरकरार है। जुलाई शुरू होने के बावजूद इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। बुधवार को सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत और बंगाल की खाड़ी में मानसूनी गतिविधियां तेज होने से मानसून ने रफ्तार पकड़ी है और अब यह राजस्थान की सीमा तक पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले 24 घंटों में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेशभर में उमस भरा मौसम बना रहा। जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के साथ-साथ बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई क्षेत्रों में लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।

