डेगाना इनपुट के बाद बड़ी कार्रवाई, नागौर होटल से दो विदेशी महिलाएं हिरासत में

shivam
2 Min Read

नागौर। राजस्थान में विदेशी महिलाओं के जरिए संचालित किए जा रहे कथित अनैतिक गतिविधियों के नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। डेगाना में पकड़ी गई एक विदेशी महिला से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर मंगलवार को नागौर शहर के एक होटल में संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो विदेशी महिलाओं को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सखी सेंटर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत नागौर समेत डीडवाना-कुचामन के कुचामन सिटी, जयपुर, भीलवाड़ा और सिरोही सहित कई जिलों में संदिग्ध विदेशी महिलाओं की पहचान कर सत्यापन और कार्रवाई की जा रही है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, डेगाना से पहले हिरासत में ली गई विदेशी महिला से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर प्रदेशभर में संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाते हुए अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल संबंधित एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment