बीकानेर। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत जेएनवीसी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब डेढ़ किलो अवैध अफीम बरामद की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुदृल कच्छावा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती राठौड़ और सीओ सदर अनुष्ठा कालिया के सुपरविजन में की गई। वहीं पूरी कार्रवाई का नेतृत्व जेएनवीसी थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने किया।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने 20 मई को वल्लभ गार्डन क्षेत्र स्थित एक मकान पर दबिश दी। पुलिस को पहले से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना मिली हुई थी। दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध अफीम के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामचन्द्र, ओमप्रकाश और सहदेव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 513 ग्राम अवैध अफीम दूध बरामद किया है। इसके अलावा अफीम की बिक्री से जुड़ी 64 हजार रुपए की नकदी भी जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के कारोबार में सक्रिय थे और इसमें तस्करी के साथ-साथ खरीद-फरोख्त व मध्यस्थता की भूमिका भी निभा रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी।

