बीकानेर। नोखा पुलिस ने मोबाइल छीनने और मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि बीरमसर निवासी प्रह्लाद गोदारा ने 28 फरवरी 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार सार्वजनिक पुस्तकालय के सामने बाइक को लेकर उसका बीकासर निवासी कमल नायक और अन्य लोगों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। लगातार प्रयासों और मुखबिर तंत्र की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कमल नायक को नोखा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कमल नायक नोखा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, मारपीट, चोरी सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

