तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, अभय कमांड सेंटर का CCTV पोल टूटा, लाखों की क्षति

Shivam
2 Min Read

बीकानेर। शहर में देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी पोल को टक्कर मार दी, जिससे पोल पर लगे कैमरे, फाइबर उपकरण और अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पास स्थित एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अभय कमांड सेंटर एवं पुलिस कंट्रोल रूम बीकानेर में कार्यरत एसपीओसी नरेश शर्मा निवासी शिवबाड़ी ने इस संबंध में सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 18 जून की रात करीब 3:30 बजे लेडी एल्गिन स्कूल के सामने लगे सीसीटीवी पोल को एक काली स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि पोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे, जंक्शन बॉक्स और फाइबर बॉक्स पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार कैमरों को लगभग 85 हजार रुपए, जंक्शन बॉक्स को 20 हजार रुपए तथा पोल और उसके फाउंडेशन को करीब 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।

टक्कर के बाद पोल पास स्थित जैन एंड संस नामक दुकान पर जा गिरा, जिससे दुकान का बोर्ड और चौकी भी टूट गई। दुकान को हुए नुकसान का अनुमान करीब 40 हजार रुपए लगाया गया है। इस प्रकार सरकारी और निजी संपत्ति को कुल मिलाकर लाखों रुपए की क्षति पहुंची है।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि स्कॉर्पियो चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा आमजन की सुरक्षा को भी खतरे में डाला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सिटी कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थानाधिकारी सविता डाल कर रही हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन चालक की पहचान एवं भूमिका की पड़ताल में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment