नोखा में सीआई गोविंद सिंह की पहली बड़ी कार्रवाई, पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। नोखा थाना प्रभारी का कार्यभार संभालते ही सीआई गोविंद सिंह ने पहली बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास करने के मामले में दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में साइबर सेल की तकनीकी सहायता से की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश पुत्र तुलछाराम बिश्नोई (34) निवासी भद्रूणा, थाना झाब, जिला जालौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी निलंबित पटवारी है और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) जयपुर द्वारा दर्ज एफआईआर संख्या 71/2024 में वांछित चल रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा उत्तीर्ण की थी। मामले का खुलासा होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पिछले करीब दो वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नोखा कस्बे में मौजूद है। सूचना मिलते ही साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी को अग्रिम अनुसंधान के लिए एसओजी जयपुर की टीम के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच एसओजी द्वारा की जा रही है।
बीकानेर: पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बनकर बैठा आरोपी, 2 साल बाद SOG के हत्थे चढ़ा
Leave a Comment
Leave a Comment

